जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रारीपरियाव गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के पीयूष यादव ने आरोप लगाया है कि बेनामे की जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराए जाने के दौरान पड़ोस के कुछ दबंग लोगों ने उन पर और उनके भाई पर हमला कर दिया।
पीयूष यादव के अनुसार वह अपनी क्रय की गई जमीन पर बाउंड्री वॉल का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान लगभग सात लोगों की संख्या में पहुंचे विपक्षी पक्ष के लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें उनके भाई को गंभीर चोटें आईं। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। मारपीट में एक पक्ष के तीन तथा दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
सूचना मिलने पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है तथा घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विवाद के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment