जौनपुर। सरपतहां थाना पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान देवरिया जनपद में वांछित एक गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सुईथाकला भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, समोधपुर मार्ग स्थित कम्मरपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक पलट गई। इसके बाद वह पैदल भागने लगा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने तमंचे से पुलिस टीम पर दो फायर कर दिए। पुलिस का दावा है कि एक गोली थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र कुमार सिंह के कान के पास से निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज यादव पुत्र रूदल यादव निवासी सारी बड़ौना, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने मोटरसाइकिल अखंडनगर क्षेत्र से चोरी की थी और उसकी नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था।
पुलिस के अनुसार पंकज यादव पर जौनपुर, देवरिया और गोंडा समेत कई जिलों में गो-तस्करी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सरपतहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment