Top News

ई-केवाईसी जल्द पूरी करने, रिक्त राशन दुकानों का आवंटन और समयबद्ध खाद्यान्न वितरण पर जोर





जौनपुर। जिलाधिकारी  सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राशन कार्डों की आधार सीडिंग, ई-केवाईसी, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न वितरण, उचित दर दुकानों की स्थिति, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी राशन कार्डधारकों की लंबित ई-केवाईसी शीघ्र पूरी कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। रिक्त उचित दर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निलंबित दुकानों से जुड़े उपभोक्ताओं को संबद्ध दुकानों के माध्यम से बिना किसी परेशानी के समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्य तेज करने, एफसीआई और परिवहन ठेकेदारों के समन्वय से समय पर खाद्यान्न उठान सुनिश्चित कराने तथा सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए। परिवहन ठेकेदारों को जियोफेंस के भीतर ही खाद्यान्न वितरण करने की हिदायत दी गई।

बैठक में निर्माणाधीन मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं शीघ्र पूर्णता पर विशेष जोर दिया गया। जिन ग्राम पंचायतों में अभी भूमि चयन नहीं हुआ है, वहां परिवहन की दृष्टि से उपयुक्त सरकारी परिसरों के पास भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि खाद्यान्न वितरण से जुड़ी सभी जानकारियां आमजन तक प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से पहुंचाई जाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, खाद्य विभाग, एफसीआई, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों, उचित दर विक्रेता संघ तथा परिवहन ठेकेदारों ने भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Aman 24 Today Live
Aman 24 Today Live

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume