Top News

मस्जिद में नमाज की परंपरा को लेकर विवाद, पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज


संभल। जनपद संभल के ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के मांडली समसपुर गांव में मस्जिद में नमाज पढ़ने की परंपरा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मस्जिद के मुतवल्ली समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव में मस्जिद में नमाज अदा करने की पद्धति को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। आरोप है कि मस्जिद में नई परंपराएं शुरू की जा रही हैं, जिनका विरोध करने पर कुछ लोगों को नमाज पढ़ने से रोका गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और गांव छोड़ने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि गांव के तुर्क और धुना बिरादरी के लोगों के बीच धार्मिक रीति-रिवाजों को लेकर मतभेद है। धुना पक्ष का आरोप है कि मस्जिद में छह वक्त की नमाज अदा कराने जैसी नई परंपरा शुरू की गई है, जबकि इस्लाम में सामान्य रूप से पांच वक्त की नमाज का प्रावधान माना जाता है। इसके अलावा भी कुछ अन्य धार्मिक नियमों के विपरीत कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संभल से की गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर ऐंचोड़ा कंबोह थाना पुलिस ने मस्जिद के मुतवल्ली सहित पांच नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Aman 24 Today Live
Aman 24 Today Live

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume