जौनपुर । मरकज़ी सीरत कमेटी के सदर पद पर उबैदा सिराज़ी के निर्वाचित होने के बाद उनके पिता मौलाना अनवार ने खुशी जाहिर करते हुए तमाम अंजुमनों, अखाड़ा कमेटियों, सजावट कमेटी के सदस्यों और सभी मतदाताओं का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के भरोसे, समर्थन और एकजुटता की जीत है जिन्होंने उबैदा सिराज़ी पर विश्वास जताया।
मौलाना अनवार ने कहा, "मैं तमाम अंजुमन, अखाड़ा और सजावट कमेटी के सभी जिम्मेदारों और मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जिस भरोसे के साथ उन्होंने उबैदा को यह जिम्मेदारी सौंपी है, इंशाअल्लाह वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेगा।"
उन्होंने कहा कि मरकज़ी सीरत कमेटी का सदर बनना केवल 12 रबीउल अव्वल के एक दिन के आयोजन तक सीमित जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे वर्ष समाज और कमेटी की सेवा करने का दायित्व है। उन्हें उम्मीद है कि उबैदा सिराज़ी हर उस मौके पर लोगों के साथ खड़े होंगे, जहां उनकी जरूरत महसूस होगी, और कमेटी के हित में पूरी निष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभाएंगे।
मौलाना अनवार ने आगे कहा कि उबैदा युवाओं के जोश के साथ-साथ शहर के वरिष्ठ लोगों और बुजुर्गों के तजुर्बे का भी पूरा लाभ लेंगे। सभी को साथ लेकर चलने की नीति अपनाते हुए वे 12 रबीउल अव्वल के जश्न-ए-ईद-ए-मीलादुन्नबी के आयोजन को पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित और कामयाब बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग से इस बार का आयोजन नई मिसाल कायम करेगा।

Post a Comment