चंदवक थाना चंदवक क्षेत्र के ग्राम हिमामपुर में शराबी पडोसी की दबंगई का मामला सामने आया है। मायके आई एक विवाहिता की माँ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़िता ने थानाध्यक्ष चंदवक को प्रार्थना-पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्राप्त प्रार्थना-पत्र के अनुसार प्रार्थिनी सोनी वर्मा पत्नी कुलदीप वर्मा, मूल निवासी ग्राम राजीपुर थाना चोलापुर वाराणसी, वर्तमान में अपने मायके ग्राम हिमामपुर थाना चंदवक आई हुई थी। आरोप है पडोस के सेमू सिंह पुत्र कैलाश सिंह निवासी हिमामपुर शराब पीकर उसके घर पर आ धमका और उसकी माँ रीता वर्मा से अनायास गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि तभी सेमू सिंह की पत्नी नेहा सिंह भी मौके पर आ गई और दोनों पति-पत्नी मिलकर वृद्ध महिला रीता वर्मा को मारने-पीटने लगे। मारपीट में महिला को काफी चोटें आई हैं। पीड़िता का कहना है कि मारपीट का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित माँ को जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रार्थिनी ने बताया कि यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। कल रात भी आरोपी सेमू सिंह शराब पीकर रात में उसके घर पर आया और उसकी बहन रेशम के साथ गाली-गलौज करते हुए घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा और दरवाजा खुलवाने का दबाव बनाने लगा।
इस घटना से पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़िता सोनी वर्मा ने थानाध्यक्ष चंदवक से अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को तहरीर मिल गई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment