जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के देवकली बाजार में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवकली बाजार में तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने 40 वर्षीय सीमा देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Post a Comment