जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बनरहिया बाग स्थित गैस एजेंसी के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे एक ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चवरपुर निवासी त्रिभुवन प्रजापति (42 वर्ष) गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक लेकर बनरहिया बाग स्थित गैस एजेंसी पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वह एजेंसी परिसर के पास ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने चालक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं चालक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
Post a Comment