जौनपुर। सिविल जज (सीडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 22बी के अंतर्गत गठित स्थायी लोक अदालत, जौनपुर में सदस्य के एक पद पर चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जानकारी दी कि उक्त पद के लिए ऐसे योग्य एवं अनुभवी व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए हैं, जिन्हें सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित क्षेत्रों जैसे हवाई, सड़क अथवा जल परिवहन, डाक, तार एवं दूरभाष सेवाएं, विद्युत एवं जलापूर्ति, सार्वजनिक सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, अस्पताल एवं औषधालय सेवाएं तथा बीमा सेवाओं में पर्याप्त अनुभव प्राप्त हो।
चयनित सदस्य को प्रति बैठक 2,000 रुपये मानदेय तथा प्रति माह 5,000 रुपये यात्रा भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित 05 जुलाई 2026 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय, जौनपुर कार्यालय में पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं।
आवेदन पत्र में अभ्यर्थी को अपना नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता एवं अनुभव का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। साथ ही संबंधित प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी न्यायालय द्वारा दंडित किया गया हो अथवा उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला विचाराधीन हो, तो उसका विवरण भी आवेदन में देना आवश्यक होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

Post a Comment