जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के ग्राम धरौरा में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 15 जून की रात करीब 9 बजे रामदुलार सरोज (65) अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान पुराने रास्ते के विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र लोहा सरोज की तहरीर पर थाना केराकत में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सतीश सरोज (35), अमरेश सरोज (60), किशन सरोज (30) तथा बिष्णु सरोज (27) निवासी ग्राम धरौरा, थाना केराकत शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय सहित थाना केराकत के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment