25 हजार दीपों से जगमगाएगा गोमती घाट, ‘सरकार आपके द्वार’ में मौके पर मिलेंगे योजनाओं के लाभ | जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
जौनपुर 13 सितंबर। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अंतरविभागीय बैठक आयोजित हुई। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों, विभागवार कार्ययोजना और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों और विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत जिले में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
25 हजार दीपों से जगमगाएगा गोमती घाट
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को शाम सात बजे आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। गोमती घाट पर 25 हजार दीपों का भव्य दीपदान किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपने घरों, दुकानों और अन्य स्थानों पर दीप जलाने की अपील की जाएगी। मंत्री ने संभ्रांत नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए।
सरकार आपके द्वार’ में मिलेगा योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड और विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, पात्रता सत्यापन और यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की विधानसभा, विकासखंड और ग्राम पंचायतवार अद्यतन सूची तैयार की जाए। पिछले नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों और उनसे आए सकारात्मक बदलावों की फोटो, वीडियो और सफलता की कहानियों का डेटा भी तैयार किया जाए।
सेवा गतिविधियों में जुड़ेगा जन-जन
सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस और माई भारत वॉलंटियर्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री ने अभियान से पहले सरकारी भवनों, स्मारकों, गो आश्रय स्थलों सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। अनाथालय और वृद्धाश्रम आदि में भी सेवा गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’,सेवा मेरा योगदान’, सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम होंगे।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और 17 अक्टूबर को जनसेवा महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ अभियान का समापन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संस्था द्वारा निर्मित गोबर से बने दीये को मंत्री को भेंट किया।

Post a Comment