लखनऊ। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जनमानस की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। आवश्यकता के अनुसार स्कूलों को बंद रखने की कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जिलाधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखने को कहा। नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने तथा स्थिति बिगड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने झोपड़ियों और असुरक्षित स्थानों पर रह रहे लोगों को सुरक्षित राहत शरणालयों में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन को स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment