Top News

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का शातिर बदमाश घायल, एक गिरफ्तार, साथी फरार नेवढ़िया और जलालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा और बाइक बरामद



जौनपुर। जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया पुलिस संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश पुलिस पर हवाई फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भाग निकले।


थानाध्यक्ष नेवढ़िया ने तत्काल कंट्रोल रूम, चौकी प्रभारी सीतमसराय तथा थाना जलालपुर पुलिस को सूचना देकर घेराबंदी कराई।

 

सीतमसराय क्षेत्र में दोनों ओर से पुलिस के घिर जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।


पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम अरविन्द राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं बताया। फरार आरोपी की पहचान महेश यादव उर्फ छोटू निवासी महरेवां, थाना जलालपुर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अरविन्द राजभर पर हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नेवढ़िया निखिलेश कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष जलालपुर प्रशांत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नारद पाल, शिवभंजन प्रसाद एवं सुग्रीव प्रसाद गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Aman 24 Today Live
Aman 24 Today Live

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume