जौनपुर। जनपद के 23 परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार से उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का शुभारंभ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में 10,461 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
जिले में 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 56,882 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई तथा पानी की बोतलों के रैपर हटवाकर ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment