जौनपुर जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस और जनपद के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील मार्गों पर सघन वाहन जांच की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा वैध दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 795 वाहनों का चालान किया गया।
जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कानून एवं यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
Post a Comment