जौनपुर। दीवानी न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने एक अधिवक्ता की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के विरोध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक अधिवक्ता की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, जिसे लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में दीवानी न्यायालय और कलेक्ट्रेट के अधिवक्ता एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहा। सूचना पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने अधिवक्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद अधिवक्ताओं के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हालांकि अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, महामंत्री मनोज तिवारी सहित दीवानी न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट के सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

Post a Comment