Top News

पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 10 जून से निरीक्षण के लिए उपलब्ध

जौनपुर। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) जौनपुर द्वारा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायत निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) एवं जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पॉल एन. द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन मंगलवार 10 जून 2026 को कर दिया गया।

जारी सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के तहत तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची जनपद के सभी विकास खंड कार्यालयों, ग्राम पंचायत कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, साधन सहकारी समितियों के भवनों, उचित मूल्य की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य नामित सार्वजनिक भवनों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के सभी मतदाता 10 जून 2026 से संबंधित कार्यालयों में जाकर मतदाता सूची का निःशुल्क निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचक नामावली की एक प्रति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेगी।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) जौनपुर द्वारा जारी प्रपत्र-7 के अनुसार जनपद की सभी ग्राम पंचायतों एवं उनके प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का संशोधन कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह सूची 10 जून 2026 से निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं तथा जिला सूचना अधिकारी को इस सूचना का प्रकाशन सभी दैनिक समाचार पत्रों में कराने के लिए निर्देशित किया गया है।

Post a Comment

أحدث أقدم
Aman 24 Today Live
Aman 24 Today Live

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume