जौनपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत सितंबर 2026 के आवंटित खाद्यान्न का वितरण जिले की सभी उचित दर दुकानों पर 10 से 25 सितंबर के बीच किया जाएगा। इसके साथ ही अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 की तिमाही के सापेक्ष चीनी का भी वितरण किया जाएगा।
अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड से जुड़े प्रत्येक यूनिट पर एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा।
अंत्योदय कार्डधारकों को तीन माह की तिमाही के लिए तीन किलोग्राम चीनी प्रति कार्ड 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कुल 54 रुपये में मिलेगी। चीनी के वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं होगी। लाभार्थी को चीनी अपनी मूल राशन दुकान से ही लेनी होगी।
खाद्यान्न के लिए वन नेशन-वन राशन कार्ड के तहत इंटरस्टेट और इंट्रास्टेट पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक ही पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे।
वितरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। इस दिन आधार प्रमाणीकरण से राशन प्राप्त न कर पाने वाले उपभोक्ताओं को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न दिया जा सकेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी उचित दर विक्रेताओं को नई ई-वेटिंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों से नियमानुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुकानों पर योजना की जानकारी चस्पा करने को कहा गया है, ताकि कोई पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे।

إرسال تعليق