जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 3 वर्षीय मासूम की मौत के बाद रविवार को अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने बच्चे का शव अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों का कहना है कि बच्चे को तेज बुखार था, लेकिन अस्पताल में सांप काटने की आशंका मानते हुए उसी आधार पर इलाज शुरू कर दिया गया। उनका आरोप है कि सही उपचार न मिलने के कारण बच्चे की जान चली गई।
वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे को सांप काटने की आशंका के आधार पर उपचार दिया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment