जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान हो और किसी भी स्थिति में नकारात्मक फीडबैक प्राप्त न हो। उन्होंने अधिकारियों को एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया एवं समयसीमा का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकता वाली व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचाते हैं। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment